
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार किया है. सुधांशु त्रिवेदी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी की लगातार असफल लॉन्चिंग के प्रयास में यह छटपटाहट एक और कोशिश है. भाजपा प्रवक्ता ने चुनाव आयोग पर राहुल गांधी के आरोपों को गलत ठहराया और कहा कि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की मर्यादा को तार-तार किया है.
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर कथित रूप से ‘वोट चोरी’ करने के आरोप लगाए थे. इस पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी सवाल उठा रहे हैं कि राहुल गांधी ने एक लाख फर्जी वोटर्स की बात कही, अगर यह चुनाव आयोग का डेटा नहीं है, तो उन्हें उन 1 लाख वोटर्स की जानकारी कहां से मिली.
उन्होंने पूछा, “राहुल गांधी सिर्फ एक ही सीट को लेकर इतने सेलेक्टिव क्यों हो गए हैं? वह बेंगलुरु सेंट्रल की सिर्फ उस सीट को दिखा रहे हैं, जहां भाजपा आगे थी. उन्होंने चामराजपेट और शिवाजीनगर सीटों के बारे में बात क्यों नहीं की, जहां कांग्रेस को 60 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले थे?”
