
जनसम्पर्क विभाग, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर
प्रेस विज्ञप्ति संख्या-01
गोरखपुर, 27 अगस्त, 2025ः महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर ने 27 अगस्त, 2025 को प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबन्धक कार्यालय, गोरखपुर में नवीनीकृत ‘केंद्रीय नियंत्रण कक्ष‘ तथा सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में नवीनीकृत ‘वॉलीबॉल कोर्ट‘ का उद्घाटन फलक का अनावरण एवं फीता काट कर किया। इस अवसर पर सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में कबड्डी एवं बास्केटबॉल की महिला खिलाड़ियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसी क्रम में, वॉलीबॉल के एक मैत्री मैच में पूर्वोत्तर रेलवे की महिला वॉलीबॉल टीम ने वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर की टीम को 25-16 से पराजित किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
नवीनीकृत केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के उद्घाटन के अवसर पर सुश्री सौम्या माथुर ने कहा कि इस केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के नवीनीकरण से यहाँ कार्य करने वाले कर्मचारियों को एक स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग किया जाये तथा इसके अनुरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाये। इस नवीनीकृत केंद्रीय नियंत्रण कक्ष में नेटवर्क, इंजीनियरिंग, विद्युत, वाणिज्य, पावर, गुड्स, कैरेज एंड वैगन तथा कोचिंग कंट्रोल स्थापित है, जिसे नवीनीकृत कर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। महाप्रबन्धक ने कहा कि यहाँ एकॉस्टिंग वॉल पैनलिंग लगाया गया है, जो बाहरी ध्वनि को नियंत्रित करता है, जिससे ट्रेन संचलन से सम्बन्धित कार्य करने वाले कर्मचारियों को एक शांत वातावरण उपलब्ध होगा।
नवीनीकृत वॉलीबॉल कोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर महाप्रबन्धक सुश्री माथुर ने कहा कि आज महिला खिलाड़ियों ने जो सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की है वो उनके बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) को हर लेवल पर ख्याति प्राप्त हो रही है। खिलाड़ियों की छोटी-छोटी उपलब्धि भी हमको खुशी देती है। यहाँ स्पोर्ट्स हॉस्टल के बन जाने के उपरान्त खिलाड़ियों को काफी सुविधा उपलब्ध हो जायेगी। सुश्री माथुर ने आशा व्यक्त की कि भारत में वर्ष 2036 में आयोजित होने वाले ओलम्पिक खेलों में पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी अपनी विशेष छाप छोड़ेंगे।
नवीनीकृत वॉलीबॉल कोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर अध्यक्ष/नरसा श्री अभय कुमार गुप्ता ने कहा कि पिछले 02 वर्षों के दौरान महाप्रबन्धक सुश्री माथुर के मार्गदर्शन में नरसा की टीम ने बहुत-सी उपलब्धियाँ अर्जित कीं। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार हो रहा है तथा नरसा की टीम विभिन्न खेलों में अखिल भारतीय स्तर की चैम्पियनशिप का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न करा रही है। उन्होंने कहा कि नरसा टीम खिलाड़ियों के पदोन्नति, वेतन वृद्धि आदि को समय से क्रियान्वित कराने के लिये संवेदनशील है और निरन्तर इस पर सक्रिय कार्य कर रही है।
इसके पूर्व, महासचिव/नरसा श्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जा रहा है। बैडमिंटन हॉल के नवीनीकरण का कार्य तथा अन्तर्राष्ट्रीय मानक के अनुरूप लॉन टेनिस कोर्ट तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय रेलवे महिला एवं पुरुष बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पूर्वोत्तर रेलवे के पुरुष तथा महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुये क्रमशः तीसरा एवं दूसरा स्थान प्राप्त कर पूर्वोत्तर रेलवे को गौरवान्वित किया। 04 दशकों के लम्बे अन्तराल के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के बैडमिंटन खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुये यह उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2036 में आयोजित होने वाले ओलम्पिक खेलों में पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करेंगे।
सहायक क्रीड़ाधिकारी/नरसा श्री चन्द्र विजय सिंह ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर रेल परिवार की बेटी कुमार दिव्या ने महाप्रबन्धक सुश्री सौम्या माथुर को उनका स्केच भेंट किया।
(पंकज कुमार सिंह)
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी
सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।
फोटो परिचय- फोटो संख्या 01- नवीनीकृत ‘केंद्रीय नियंत्रण कक्ष‘ मे महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर साथ में वरिष्ठ रेल अधिकारी।
फोटो संख्या 02- सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में नवीनीकृत ‘वॉलीबॉल कोर्ट‘ का फलक अनावरण कर उद्घाटन करती हुईं महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर।
फोटो संख्या 03- नवीनीकृत ‘वॉलीबॉल कोर्ट‘ का फीता काट कर उद्घाटन करती हुईं महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर।
फोटो संख्या 04- नवीनीकृत ‘वॉलीबॉल कोर्ट‘ में वॉलीबॉल फेंक कर मैत्री मैच का शुभारम्भ करती हुईं महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर।
फोटो संख्या 05- नवीनीकृत ‘वॉलीबॉल कोर्ट‘ में पूर्वोत्तर रेलवे की महिला वॉलीबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करती हुईं महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर।
फोटो संख्या 06- नवीनीकृत ‘वॉलीबॉल कोर्ट‘ में विजेता पूर्वोत्तर रेलवे की महिला वॉलीबॉल टीम के साथ महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर साथ में नरसा के पदाधिकारी।
